बेमौसमी ओलावृष्टि से सब्जियों व फलों की फसल चौपट, काश्तकारों की मेहनत पर फिरा पानी।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल।
थल क्षेत्र में मौसम के अचानक करवट लेने से किसानों पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है। न्याय पंचायत बाँसबगड़ के अंतर्गत ग्राम पंचायत रायाँ-गोलगाँव में आज दोपहर हुई भारी ओलावृष्टि ने काश्तकारों की महीनों की मेहनत को पल भर में बर्बाद कर दिया। इस बेमौसमी मार से खेतों में तैयार खड़ी नकदी सब्जियों और फलों की फसल पूरी तरह चौपट हो गई है।
इन फसलों को हुआ भारी नुकसान
दोपहर के समय अचानक आसमान से बरसे ओलों ने पूरे इलाके को सफेद चादर से ढक दिया। इस ओलावृष्टि से प्याज की नर्सरी के साथ-साथ लहसुन, मटर, गाजर, मेथी, पालक, धनिया और गोभी की फसलों को भारी क्षति पहुंची है। सब्जियों के अलावा बागवानी करने वाले किसानों को भी बड़ा झटका लगा है; पेड़ों पर लगे संतरे और माल्टा के फल ओलों की मार से झड़कर बर्बाद हो गए हैं।
आजीविका पर मंडराया संकट, मुआवजे की मांग।
स्थानीय काश्तकार दयान सिंह नेगी ने बताया कि क्षेत्र के अधिकांश किसानों की आजीविका का मुख्य साधन सब्जी और फल उत्पादन ही है। किसानों ने कर्ज लेकर और कड़ी मेहनत से फसलें तैयार की थीं, लेकिन प्राकृतिक आपदा ने सब कुछ तबाह कर दिया है। फसल बर्बाद होने से पूरे क्षेत्र के काश्तकार गहरे सदमे और मायूसी में हैं। प्रभावित ग्रामीणों ने प्रशासन और कृषि व उद्यान विभाग से जल्द से जल्द खेतों का सर्वेक्षण कर उचित मुआवजा देने की गुहार लगाई है।

