रामलीला तालीम में नज़र आ रहा युवा उत्साह।

एनएचएल नेटवर्क संवाददाता।
बेरीनाग। श्री नागदेव रामलीला कमेटी की ओर से चल रही तालीम के प्रति युवाओं में काफ़ी उत्साह नज़र आ रहा है। बड़ी संख्या में युवा रामलीला में अभिनय करने के लिए तालीम में पहुंच रहे हैं। युवाओं में रामलीला मंचन के लिए दिख रहे उत्साह को देखकर रामलीला कमेटी काफ़ी ख़ुश है। कमेटी अध्यक्ष बलवंत सिंह धानिक ने बताया कि शारदीय नवरात्र में रामलीला मंचन की तैयारी है। रामलीला मंचन के लिए कलाकारों को तालीम मास्टर पंकज पंत के द्वारा तालीम दी जा रही है। उन्होंने बताया कि तालीम में काफ़ी दूर दूर से बड़ी संख्या में युवा और बच्चे अभिनय के लिए पहुंच रहे हैं। पात्रों के चयन में पूरी तरह से निष्पक्षता रखी जा रही है। पात्रों का चयन उनके प्रदर्शन, गायन को देखते हुए किया जाएगा। बताया कि रात्रि में तालीम के बाद सभी बच्चों को घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी रामलीला कमेटी उठा रही है। कमेटी सचिव देवेंद्र लाल शाह ने बताया कि रामलीला मंचन की तैयारी शुरू हो गई है। सभी सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया जा रहा है। इसके लिए प्रशासन को भी पत्र दिया जा रहा है।

