FEATUREDGeneralLatestNewspputtarakhandथराली

लापरवाही पर कार्रवाई न होने से आक्रोशित पीड़ित परिवार ने सीएचसी थराली में दिया धरना, सीएमओ के आश्वासन पर थमा आंदोलन।

​हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट

​थराली। एम्बुलेंस में गर्भवती महिला की हुई दर्दनाक मौत के मामले में आज तक दोषियों पर कार्रवाई न होने से खफा मृतका के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। मृतका के पति ने अपने मासूम बच्चों और परिजनों के साथ शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थराली में करीब तीन घंटे तक जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) द्वारा एक सप्ताह के भीतर निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद ही धरना समाप्त हो सका।

​चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप। 

विकासखंड थराली के लेटाल गांव निवासी नरेंद्र कुमार अपनी गर्भवती पत्नी सरिता देवी, दो नाबालिग बच्चों नितिन व नेहा, माता और अन्य परिजनों के साथ शुक्रवार सुबह सीएचसी थराली पहुंचे और परिसर में ही धरने पर बैठ गए। पीड़ित पति नरेंद्र कुमार का आरोप है कि 29 जून को चिकित्सकों की घोर लापरवाही के कारण उनकी पत्नी की एम्बुलेंस में ही असामयिक मौत हो गई थी। घटना के बाद से ही वे लगातार निष्पक्ष जांच की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से केवल खोखले आश्वासन ही मिल रहे हैं।

​जांच न होने पर दी आत्मघाती कदम उठाने की चेतावनी। 

धरना दे रहे नरेंद्र कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही इस मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे पूरे परिवार के साथ उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने साफ कहा कि न्याय न मिलने की स्थिति में वे आमरण अनशन और आत्मघाती कदम उठाने से पीछे नहीं हटेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग की होगी।

​सीएमओ से फोन पर वार्ता के बाद समाप्त हुआ धरना। 

सपरिवार सीएचसी थराली में धरने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता ने फोन पर नरेंद्र कुमार से दूरभाष पर सीधी वार्ता की और एक सप्ताह के भीतर मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिजनों ने फिलहाल अपना आंदोलन स्थगित कर दिया।

​उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन। 

इस मौके पर धारपट्टी संघर्ष समिति के अध्यक्ष प्रमोद सिंह, लेटाल/हरीनगर की ग्राम प्रधान चमेली देवी, कुराड़ के क्षेत्र पंचायत सदस्य दयाकृष्ण देवराडी और रविंद्र सिंह बिष्ट समेत अनेक ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की पुरजोर मांग की। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी थराली को एक ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।

Share This News