HealthLatestNewsहरियाणा

ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल में 211 ने किया रक्तदान


  • विश्व रक्तदाता दिवस पर लगाया गया था विशाल रक्तदान शिविर*
  • विशाल शिविर में रक्तदाताओं को भेंट किए गए पौधे*

बहादुरगढ़। विश्व रक्तदाता दिवस अवसर पर शहर के ब्रह्मशक्ति संजीवनी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल (सिग्नस- मैग्नस चरक गु्रप द्वारा संचालित)में शुक्रवार को विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। रक्तदान शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक नरेश कौशिक ने शिरकत कर रक्तदाताओं को रक्तदान के प्रति प्रोत्साहित किया। रक्तदाताओं को पर्यावरण सरंक्षण के तहत पौधे व प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। रक्तदाताओं को बैज लगाकर सम्मानित करते हुए विधायक नरेश कौशिक ने कहा कि परिवार के लिए कर्म करते हुए हमें सामाजिक दायित्व को निभाने में भी रूचि दिखानी चाहिए। मुख्यातिथि विधायक नरेश कौशिक ने कहा कि प्रतिदिन देश में सडक़ हादसों की संख्या बढ़ रही है, इसमें बड़ी संख्या में ऐसे लोग होते हैं, जिन्हें तत्काल रक्त की आवश्यकता होती है। परन्तु समय पर रक्त की उपलब्धता नहीं होने के कारण उन्हें जान गंवानी पड़ती है। इसलिए हमें रत्तदान को अधिक से अधिक प्रोत्साहित करना चाहिए। ऐसा करके न केवल हम किसी की जान की रक्षा करने में समर्थ होंगे, अपितु अपनी समाज के प्रति जिम्मेदारी भी निभा पाएंगे।डीएसपी अजायब सिंह ने भी रक्तदाताओं को बैज लगाकर प्रोत्साहित करते हुए कहा कि हम सभी शिक्षित व सभ्य समाज के नागरिक है, जो केवल अपनी नहीं बल्कि दूसरों की भलाई के लिए भी सोचते हैं तो क्यों नहीं हम रक्तदान के पुनीत कार्य में अपना सहयोग प्रदान करें और भविष्य में भी नियमित रक्तदान करके जरूरतमंदलोगों को जीवनदान दें। ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल के डायरेक्टर एवं वरिष्ठ सर्जन डा. मनीष शर्मा ने रक्तदाताओं को बैज लगाकर सम्मानित करते हुए कहा कि दिनोंदिन बढ़ते औद्योगिकरण व तेज रफ्तारी के साथ ही सडक़ दुर्घटनाओं में भी इजाफा हो रहा है व विभिन्न प्रकार की बीमारियां भी पैदा हो रही हैं। ऐसे में दुर्घटना अथवा बीमारी के दौरान रक्त की जरूरत होती है। डा. मनीष शर्मा ने कहा कि मानव जीवन की सुरक्षा के लिए एक व्यक्ति का रक्त ही दूसरे मनुष्य के काम आ सकता है और सुरक्षित रक्त का एक मात्र स्रोत स्वस्थ एवं स्वैच्छिक रक्तदान ही है।

जेजेपी नेता संजय दलाल भी काफी युवाओं के साथ शिविर में रक्तदान करने पहुंचे। संजय दलाल ने लोगों से आह्वान किया कि वह अपने जीवन में एक बार तो रक्तदान अवश्य करें। नप वाइस चेयरमैन विनोद कुमार भी कई युवाओं के साथ रक्तदान करने पहुंचे। इस अवसर पर वाइस चेयरमैन विनोद कुमार ने कहा कि इंसान द्वारा दिया गया रक्त किसी का अनमोल जीवन बचानें में सहायक साबित होता है, इसलिए हर तीन माह के अंतराल के बाद अवश्य रक्तदान करें। शिविर में रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करते हुए अपनी टीम के साथ आए समाजसेवी वीरेंद्र मास्टर छुडानी तथा प्रदीप यादव, सतीश शर्मा, सत्येन्द्र दहिया व बंटी दलाल ने संयुक्त रूप से कहा कि लोगों को ज्यादा से ज्यादा रक्तदान करना चाहिए क्योकि आपका यह रक्तसंकट के समय किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवन का रक्षक बन सकता है। विशाल रक्तदान शिविर में भगत सिंह मैत्री संघ, विश्व हिंदू परिषद, बजरंगा दल, भारत विकास परिषद, बहादुरगढ़ रक्तदाता गु्रप, झाडोदा कंला वेल्फेयर सोसायटी, छोटूराम एकता मंच, रोबिनहूड आर्मी, श्री श्याम लोकहित सेवा समिति, आरएसओ टीम आदि सामाजिक संस्थाओं ने भी सहयोग दिया। ब्रह्मशक्ति संजीवनी अस्पताल के मैनेजर विक्की शर्मा ने बताया कि रक्तदान शिविर में 211 लोगों ने रक्तदान करके पुण्य कमाया। विक्की शर्मा ने रक्तदान शिविर में रक्तदान करने आए रक्तदाताओं व शिविर आयोजन मेें सहयोग देने सभी सामाजिक संस्थाओं का आभार जताया।
फोटो कैप्शन :- शिविर में रक्तदान करने वालों को पौधे भेंट कर सम्मानित करते हुए गणमान्यजन।

Share This News