पिथौरागढ़: आकाशीय बिजली गिरने से 15 बकरियों की मौत, पीड़ित पशुपालक को एक लाख से अधिक का नुकसान।

पिथौरागढ़ संवाददाता।
पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले स्थित बंगापानी तहसील क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 15 बकरियों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पीड़ित बकरी पालक को एक लाख रुपये से अधिक का भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, बंगापानी तहसील के धामीगांव निवासी खड़क सिंह पेशे से बकरी पालक हैं। सोमवार को वे अपनी बकरियों को चराने के लिए पास के जंगल में ले गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और आकाशीय बिजली आ गिरी, जिसकी चपेट में आने से 15 बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना पर दुख जताते हुए ग्राम प्रधान हंसा देवी ने प्रशासन से त्वरित जांच कर पीड़ित पशुपालक को उचित मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने बताया कि खड़क सिंह की आजीविका का मुख्य साधन बकरी पालन ही है। एक साथ इतनी बकरियों की मौत हो जाने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

