ब्राजील के राष्ट्रपति जायर मेसियास बोल्सानारो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कोरोना वायरस महामारी से निपटने के भारत के प्रयासों तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग प्रदान करने की सराहना की।
न्यूज होम लाइव नेटवर्क
दिल्ली। देश में कोरोना वायरस ‘कोविड-19′ संक्रमण के मामले तेजी से बढ़े और 773 नये मामले सामने आये है । संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5274 तक पहुंच गयी। कोरोना वायरस संक्रमण के कारण अब तक 149 लोगों की मौत हुई है तथा 402 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इस बीच, केंद्र सरकार ने लॉकडाउन के दौरान आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकारों और केंद्र शासित प्रदेशों को आवश्यक वस्तु अधिनियम लागू करने को कहा है। कोराेना संक्रमण से सबसे अधिक प्रभावित राज्य महाराष्ट्र है जहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1078 हो गयी है तथा अब तक 64 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद तमिलनाडु में 690 और दिल्ली में 576 संक्रमित हैं। केन्द्रीय गृह सचिव अजय कुमार भल्ला ने सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को लिखे गये पत्र में कहा है कि आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव उपाय किये जाने चाहिए। इन उपायों के तहत स्टाॅक सीमा तय करने, मूल्यों का निर्धारण, उत्पादन बढाना और डीलरों तथा अन्य के खातों की जांच आदि शामिल है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की कमी के चलते विभिन्न वस्तुओं के उत्पादन में कमी की रिपोर्ट आ रही हैं। ऐसी स्थिति में जमाखोरी, कालाबाजारी, मुनाफाखोरी आदि की आशंका है जिससे वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी होगी। राज्यों से कहा गया है कि वे उचित दर की दुकानों पर वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए तुरंत कदम उठाये। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोरोना महामारी के कारण उत्पन्न स्थिति को ‘सामाजिक आपातकाल’ करार देते हुए कहा कि कई राज्य सरकारों, जिला प्रशासनों और विशेषज्ञों ने लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने को कहा है। ब्राजील के राष्ट्रपति जायर मेसियास बोल्सानारो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कोरोना वायरस महामारी से निपटने के भारत के प्रयासों तथा अंतरराष्ट्रीय सहयोग प्रदान करने की सराहना की। पीएम मोदी को लिखे पत्र में श्री बोल्सानारो ने कोरोना के प्रसार से निपटने में भारत की मदद और कोशिशों की तुलना लक्ष्मण के जीवन को बचाने के लिए हिमालय पर्वत श्रृंखला से संजीवनी बूटी लाने वाले हनुमान के प्रयासों से की। संयुक्त राष्ट्र एशिया प्रशांत आर्थिक एवं सामाजिक आयोग ने कोरोना महामारी से निपटने के लिए देश के उपायों की सराहना करते हुए कहा कि महामारी से लड़ने के लिए देश की नीति सही दिशा में है।

