LatestNewsछत्तीसगढ़

महिला डॉक्टर को थप्पड़ जड़ने का मामला गर्माया, बेमेतरा जिला अस्पताल में काली पट्टी लगाकर विरोध

न्यूज होम लाइव व्यूरोः-

*रायपुर:-* बेमेतरा जिला अस्पताल में डीएसपी के द्वारा महिला डॉक्टर को थप्पड़ जाने का मामला तूल पकड़ चुका है। छत्तीसगढ़ चिकित्सा अधिकारी संघ ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। आरोपी महिला डीएसपी की गिरफ्तारी की मांग की गई है। संघ के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. पवन जेठानी ने महिला डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर को रद्द करने की मांग की है। बेमेतरा जिला अस्पताल में इस घटना के विरोध में स्टॉफ ने काली पट्टी लगाकर विरोध प्रकट किया। वहीं मुगेली जिला अस्तपाल में भी डॉक्टरों ने विरोध प्रकट किया।

बता दें कि कुर्सी पर बैठने के विवाद पर महिला डीएसपी लितेश सिंह ने ड्यूटी में तैनात महिला डॉक्टर अनामिका मिंज को तमाचा जड़ दिया। मामले ने इतना तूल पकड़ा कि महिला डॉक्टर ने डीएसपी के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है। सिटी कोतवाली में डीएसपी लितेश सिंह पर शासकीय कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है। वहीं डीएसपी की रिपोर्ट पर डॉ. मिंज पर मारपीट एवं दुर्व्यवहार का जुर्म दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

बता दें कि बेमेतरा वार्ड-5 की मूल निवासी लितेश सिंह महासमुंद में डीएसपी हैं। वे रविवार को अपने पिता को इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची थीं। जहां ड्यूटीरत डॉ. अनामिका मिंज मरीजों को देखने राउंड पर गई थीं। डीएसपी अपने पिता को कैजुअल्टी वार्ड में लेकर पहुंची। डॉ. मिंज के अनुसार राउंड से कैजुअल्टी वार्ड में लौटने पर डीएसपी उनकी चेयर पर बैठी हुई थीं। इस संबंध में पूछने पर वे पुलिसिया रौब दिखाते हुए उसके साथ दुर्व्यवहार करने लगी और आवेश में आकर तमाचा जड़ दिया।

इससे आहत होकर संबंधित पुलिस अधिकारी के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई गई है। इसके विपरीत डीएसपी ने बताया कि राउंड से कैजुअल्टी लौटने पर डॉ. मिंज उनके पिता को चेक किए बगैर दवाइयां लिखकर वहां से चली गई। करीब आधा घंटा बाद फिर से वार्ड में लौटी। इस दौरान डीएसपी भूलवश डॉक्टर की चेयर पर बैठ गई।

इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगा। लेकिन डीएसपी ने डॉक्टर के आरोपों को नकारते हुए हाथापाई से इनकार किया है। डॉ. मिंज की रिपोर्ट पर डीएसपी पर धारा 186, 294, 323 के तहत मामला दर्ज किया गया है। वहीं डीएसपी की रिपोर्ट पर डॉ. मिंज पर धारा 294, 323, 506 के तहत प्रकरण दर्ज हुआ है। इस घटना से जिले के सरकारी डॉक्टरों में खासी नाराजगी है। उन्होंने ड्यूटी के दौरान महिला डॉक्टर से हाथापाई के लिए जिम्मेदार डीएसपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। घटना सुबह करीब 9.30 बजे की है। थाने में एफआईआर दर्ज कराने पहुंची डॉ. मिंज को दो घंटे बैठाए जाने के बाद सिर्फ आवेदन लेकर लौटा दिया गया।

Share This News