GeneralLatestNewsछत्तीसगढ़

संघ और संगठन का समीकरण साधने में जुटी भाजपा

न्यूज होम लाइव व्यूरो मुकेश भारतीः-

रायपुर:- मध्य प्रदेश में आरएसएस के 2 पन्ने की रिपोर्ट से मचे सियासी हड़कंप के बीच छत्तीसगढ़ से राहत भरी खबर है। यहां संघ की सख्ती के आगे भाजपा सावधान मुद्रा में खड़ी हो गई। संघ और संगठन के बीच का समीकरण साधने में जुटी रही। तो वहीं राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने स्पष्ट रूप से कह दिया था, कि अगर चुनाव में मनमानी की, तो उसके स्वयंसेवक कार्य नहीं करेंगे। संघ की सख्ती का असर भी देखने को मिला कि एक जोर की आवाज आई संघ दक्ष और पूरी की पूरी भाजपा सावधान मुद्रा में खड़ी हो गई।

*संघ को साधने का पूरा प्रयास*

अभी हाल ही में प्रदेश की भाजपा ने अपने 78 उम्मीदवारों की सूची जारी की। इसको देखते ही साफ-साफ पता चलता है कि संघ के संकेतों का पूर्णरूपेण अनुपालन किया गया है। दिल्ली दरबार से जारी उम्मीदवारों की सूची में न केवल एक मंत्री समेत 13 विधायकों का पत्ता साफ कर दिया गया। वहीं 25 ऐसे उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारा गया, जिनकी उम्र 40 से भी कम है। इसके अलावा 14 महिलाओं और 53 किसानों को उम्मीदवार बनाया गया है। हालांकि इन उम्मीदवारों में 12 ऐसे चेहरे हैं, जो पिछला चुनाव हार गए थे। भाजपा नेतृत्व ने टिकट वितरण में संतुलन बनाते हुए संघ और संगठन दोनों को ही संतुष्ट करने का प्रयास किया है।

*संघ का संग रहे इसके लिए ये भी किया*

संघ का संग भारतीय जनता पार्टी को मिलता रहे इसके लिए नए चेहरे के रूप में छत्तीसगढ़ महिला आयोग की अध्यक्ष हर्षिता पांडेय, पूर्व आईएएस ओपी चौधरी, प्रो गोपालराम भगत, लीनव राठिया, विकास महतो, रंजना साहू, चंद्रिका चंदाकर, हिरेंद्र साहू, कंचनमाला भूआर्य, हीरा मरकाम, हरिशंकर नेताम, मोनिका साहू और रजनीश सिंह को टिकट दिया है।

*संगठन को भी किया संतुष्ट*

हालांकि संगठन को भी खुश रखते हुए कोरबा से सांसद बंशीलाल महतो के बेटे विकास महतो को उम्मीदवार बनाया। वहीं विधायक सुनीति राठिया का टिकट काटकर उनके पति सत्यानंद राठिया को और विधायक युद्धवीर सिंह जूदेव का टिकट काटकर उनकी पत्नी संयोगिता सिंह जूदेव को टिकट दिया है।

*कितना सफल रहा ये फार्मूला*

संघ और संगठन में संतुलन बनाने के प्रयास में भाजपा ने भारी परिवर्तन तो कर दिया है, लेकिन इस फामूर्ले से संघ कितना खुश हुआ यह तो संघ के पदाधिकारी ही जानते हैं। इस फार्मूले पर संघ की स्वीकार्यता का पता तो तब चलेगा, जब स्वयंसेवक तन-मन-धन से काम करने उतरेंगे। साथ ही इस फामूर्ले से भाजपा अपनी साख बचा पाएगी इसका पता मतदान के बाद आने वाले चुनाव परिणाम बताएंगे।

Share This News