अजा-जजा वर्ग के युवक अब स्थापित कर सकेंगे स्वयं का व्यवसाय
News home live ke liye Mukesh Bharti ki report
कोरबा:-
जिले के अनुसूचित जाति, जनजाति और अल्पसंख्यक वर्ग के युवाओं को अपना स्वरोजगार स्थापित करने के लिए सुनहरा अवसर मिल रहा है। जिला अंत्यावसायी विभाग ने इसके लिए 31 जुलाई तक आवेदन मंगाया है। जिले के अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए महिला सशक्तिकरण, स्माल बिजनेस, गुड्स कॅरियर, पैसेंजर व्हीकल, ट्रैक्टर ट्राली एवं बैटरी ऑपरेटेड ई-रिक्शा योजना, अनुसूचित जाति वर्ग के युवक-युवतियों को लघु व्यवसाय योजना एवं ट्रैक्टर ट्राली योजना के लिए सहायता दी जाएगी। योजनांतर्गत आवेदक को जिले का मूल निवासी तथा संबंधित वर्ग का होना आवश्यक है। आवेदक की आयु 18 से 50 वर्ष की हो। शैक्षणिक योग्यता हेतु 8वीं एवं 10वीं का अंकसूची आवेदन के साथ संलग्न होनी चाहिए। आवेदक के परिवार की वार्षिक आय अनुसूचित जाति एवं अल्पसंख्यक वर्ग हेतु ग्रामीण क्षेत्र में 98 हजार एवं शहरी क्षेत्र में एक लाख 20 हजार रुपये से अधिक नहीं होना चाहिए। अनुसूचित जनजाति हेतु ग्रामीण क्षेत्र में एक लाख चार हजार एवं शहरी क्षेत्र में एक लाख 20 हजार रुपये से अधिक नहीं होना चाहिए। इस हेतु सक्षम अधिकारी से जारी आय प्रमाणपत्र संलग्न करना होगा। आवेदक को स्वयं का आधार कार्ड, मतदाता परिचय पत्र, राशन कार्ड संलग्न करना होगा। वाहन हेतु वैद्य कॅमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस होना आवश्यक है। ट्रैक्टर ट्राली के लिए स्वंय के नाम पर पांच एकड़ से अधिक सिंचित कृषि भूमि होना आवश्यक है। आवेदक चयन उपरांत सक्षम जमानतदार प्रस्तुत करने के लिए सक्षम होना चाहिए। आवेदक चयन उपरांत निर्धारित अंश राशि जमा करने के लिए सक्षम हो। आवेदक किसी भी बैंक या वित्तीय संस्था, अर्द्धशासकीय संस्था का ऋणी अथवा अनुदान का लाभ न लिया हो। उपरोक्तानुसार पात्रता रखने वाले युवक एवं युवतियां कार्यालयीन समयावधि में कार्यालय कलेक्टर जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति मर्यादित कोरबा के कक्ष क्रमांक 27 से आवेदन पत्र प्राप्त कर आवेदन पूर्ण रूप से भरकर एवं निर्धारित आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर जमा कर सकते हैं। योजनांतर्गत प्रथम आए, प्रथम पाए के सिद्धांत पर चयन की कार्रवाई की जाएगी।

