4 साल, 1 सवाल: VIP कौन था? अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर गंगोलीहाट में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, फूंका पुतला।

गंगोलीहाट संवाददाता।
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़): अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग और कथित वीआईपी के नाम का खुलासा न होने को लेकर आज गंगोलीहाट के मुख्य चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी पिथौरागढ़ के जिलाध्यक्ष मुकेश पंत के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने का कड़ा विरोध करते हुए पुतला दहन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व दर्जा राज्यमंत्री एवं 45 विधानसभा गंगोलीहाट से पूर्व प्रत्याशी खजान चन्द्र गुड्डू ने कहा कि घटना के चार साल बीत जाने के बाद भी उत्तराखंड की जनता के सामने वही सवाल खड़ा है कि आखिर वह ‘वीआईपी’ कौन था जिसे बचाने की कोशिश की जा रही है? उन्होंने कहा कि अंकिता केवल एक नाम नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की बेटी और न्याय की पुकार है। जब तक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कड़ी सजा नहीं दी जाती और पीड़ित माता-पिता को न्याय नहीं मिलता, तब तक यह लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगी।
प्रदर्शनकारियों ने मामले की पारदर्शी जांच कराने और कथित वीआईपी की भूमिका से जुड़े सभी तथ्यों को सार्वजनिक करने की मांग उठाई।
इस विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष निशांत उप्रेती, अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश सचिव पूरन राम, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष संजू बोरा, यूथ कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष अनिल बिष्ट, यूथ कांग्रेस जिला महासचिव गोपाल बिष्ट, स्वतंत्रता सेनानी केदार सिंह, पूर्व प्रधान हेम कुमार, प्रकाश नेगी, ललित उप्रेती, मनीष बिष्ट, पंकज गोस्वामी, पूर्व प्रधान सोनू गोस्वामी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता विरजेश जोशी और किशोर कुमार सहित कांग्रेस के सभी फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी एवं भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

