महाविद्यालय में हिंदी दिवस के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन।

एनएचएल नेटवर्क संवाददाता।
बेरीनाग। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्य प्रोफेसर बी.एम. पाण्डेय के मार्गदर्शन से हिंदी विभाग एवं अजीम प्रेम जी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वाधान में ‘हिंदी दिवस’ के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉक्टर पी. एस. मेहरा ने की। इस अवसर पर हिंदी भाषा के प्रचार- प्रसार के लिए भाषण प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, फटाफट बोलो वाक्य प्रतियोगिता एवं पत्र लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान ‘सुमित्रानंदन पंत’ समूह ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान ‘महादेवी वर्मा’ समूह ने तथा तृतीय स्थान ‘मन्नू भंडारी’ समूह ने प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अक्षरा बोरा (,बी ए तृतीय सत्रार्ध), द्वितीय स्थान गौरव पाठक( बी ए तृतीय सत्रार्ध) तथा मीनाक्षी खाती( एम ए प्रथम सत्रार्ध) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में डॉ. बीना लोहिया, डॉ० विनीता टम्टा निर्णायक मंडल की भूमिका में सराहनीय योगदान दिया।
हिंदी दिवस के अवसर पर डॉ. शिवानी कर्नाटक ने हिंदी दिवस का इतिहास और वर्तमान सूचना क्रांति के दौर में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते प्रयोग तथा देश एवं विदेशों में हिंदी की बढ़ती हुई लोकप्रियता पर अपने विचार प्रस्तुत किये। डॉ. जे. एन. पंत ने वर्तमान समय में हिंदी की स्थिति पर अपने विचार व्यक्त किये। डॉ. बीना लोहिया ने कहा कि हमें अपनी मातृभाषा का सम्मान करने के साथ-साथ उसके प्रसार-प्रचार के प्रयास करने चाहिए। भूगोल विभाग की विभाग प्रभारी डॉ. विनीता टम्टा ने कहा कि हिंदी जनमानस की भाषा है, जो आपस में लोगों को जोड़ने का कार्य करती है। डॉ. दीप्ति मिश्रा ने अपनी कविता के माध्यम से हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डाला। हिंदी विभाग प्रभारी डॉ. दीपा पंत ने अपनी कविताओं और विचारों के माध्यम से हिंदी के प्रति अपने प्रेम को व्यक्त किया। अजीम प्रेमजी फाउंडेशन से आए अतिथि श्री राजेंद्र सिंह द्वारा विद्यार्थियों को हिंदी से संबंधित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से हिंदी भाषा के शुद्ध उच्चारण,पत्र लेखन आदि से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई । कार्यक्रम के अंत में डॉ. शिवानी कर्नाटक ने अजीम प्रेम जी फाउंडेशन के आयोजक मंडल के सदस्यों समेत समस्त प्राध्यापकों व विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शिवानी कर्नाटक ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

