उत्तराखण्ड में भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया।

एनएचएल नेटवर्क।
देहरादून उत्तराखंड में भारी बारिश के आसार हैं। इस बीच सोमवार, 15 सितंबर को मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया9 है। यह चेतावनी गढ़वाल मंडल के देहरादून, चमोली और पौड़ी गढ़वाल तथा कुमाऊं मंडल के बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और उधम सिंह नगर जिलों के लिए जारी की गई है। बाकी 5 जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने तेज गर्जना और बिजली गिरने की संभावना जताई है। संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और चट्टान गिरने की घटनाएं हो सकती हैं, जिससे सड़क मार्ग बाधित होने और बिजली-पानी जैसी सेवाएं प्रभावित होने की आशंका है। भारी बारिश के चलते ग्लेशियरों की बर्फ तेजी से पिघल सकती है, जिससे नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। नदियों के किनारे रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। अगले कुछ दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार: 16 और 17 सितंबर को देहरादून, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश, अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। 18 से 20 सितंबर तक राज्यभर में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि 20 सितंबर के बाद मानसून कमजोर पड़ सकता है। इस दौरान लोगों को नदी-नालों से दूर रहने, अनावश्यक यात्रा न करने, और प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।

