महाविद्यालय में छात्र संघ चुनाव की अधिसूचना जारी। 27 सितम्बर को होंगे छात्रसंघ चुनाव।

एनएचएल नेटवर्क संवाददाता।
बेरीनाग। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्य प्रोफेसर बी.एम. पाण्डेय की अध्यक्षता में छात्र संघ चुनाव के संदर्भ में महाविद्यालय चुनाव समिति एवं महाविद्यालय छात्र संघ चुनाव के संभावित प्रत्याशियों के बीच बैठक आहूत की गई जिसमें सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय चुनाव आयोजन समिति के द्वारा आहूत ऑनलाइन बैठक के क्रम में महाविद्यालय में छात्र संघ चुनाव 2025-26 दिनाँक 27-09-2025 को सम्पन्न कराने का निर्णय लिया गया। उक्त चुनाव की अधिसूचना आज अपराह्न जारी की गई। चुनाव हेतु नामांकन प्रक्रिया दिनाँक 23-09-2025 से प्रारंभ होगी। नामांकन प्रपत्रों की बिक्री दिनाँक 23-09-2025, प्रत्याशियों के नामांकन दिनाँक 24-09-2025, नाम वापसी, नामांकन प्रपत्रों की जांच एवं वैध प्रत्याशियों की सूची का प्रकाशन, दिनाँक 25-09-2025, सामान्य सभा दिनाँक 26-09-2025, मतदान, मतगणना, चुनाव परिणाम की घोषणा तथा शपथ ग्रहण दिनाँक 27-09-2025 को सम्पन्न होंगे।महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर बी.एम. पाण्डेय ने बैठक में उपस्थित समस्त प्रतिभागियों को बताया कि छात्र संघ चुनाव शुचिता एवं पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराए जाएंगे। उन्होंने समस्त कार्मिकों को परिसर में शान्ति एवं अनुशासन प्रिय वातावरण कायम करने के निर्देश दिये। बैठक में छात्र संघ चुनाव प्रभारी डॉ.प्रदीप दुर्गापाल, समस्त संभावित छात्रसंघ प्रत्याशी समेत महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।

