FEATUREDGeneralLatestNewspputtarakhandउत्तराखंड

टनकपुर–पिथौरागढ़ मार्ग पर 15 मीटर गहरी खाई में गिरी कार; एसएसबी जवानों ने दिखाई तत्परता, बचाई एक ही परिवार के तीन लोगों की जान।

टनकपुर संवाददाता। 

​टनकपुर/पिथौरागढ़: सीमांत क्षेत्रों में देश की सीमाओं की सुरक्षा में मुस्तैद सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों ने एक बार फिर संकट की घड़ी में देवदूत बनकर मानवीय मूल्यों की मिसाल पेश की है। शनिवार सुबह टनकपुर–पिथौरागढ़ मार्ग पर पूर्णागिरि मंदिर मोड़ के पास एक अनियंत्रित कार 15 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। मौके पर मौजूद 55वीं वाहिनी एसएसबी के जवानों ने तत्परता और अदम्य साहस दिखाते हुए कार में फँसे पुरुष, महिला और एक मासूम बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

​पेड़ से टकराकर खाई में अटकी कार

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 08:50 बजे एक सिविल कार (टाटा टियागो) टनकपुर से पिथौरागढ़ की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन पूर्णागिरि मंदिर मोड़ के समीप पहुँचा, अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गया। गनीमत रही कि कार करीब 15 मीटर नीचे जाकर एक पेड़ में फँस गई, जिससे एक बड़ा और दर्दनाक हादसा होने से टल गया। कार में एक पुरुष, एक महिला और एक छोटा बच्चा सवार थे, जो अंदर ही फँस गए।

​सामने से गुजर रही थी एसएसबी की टुकड़ी

उसी समय 55वीं वाहिनी की टुकड़ी (55CC-I, I.S. Duty Coy) निरीक्षक (सामान्य) गणेश दास के नेतृत्व में दिल्ली से पिथौरागढ़ लौट रही थी। जवानों ने दुर्घटना को अपनी आँखों के सामने होते देखा। स्थिति की नजाकत को भांपते हुए निरीक्षक गणेश दास ने तुरंत अपना वाहन रुकवाया और बिना एक पल गँवाए जवानों को राहत एवं बचाव कार्य में झोंक दिया।

​खाई में उतरकर जवानों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

बचाव अभियान के दौरान सहायक उप निरीक्षक (सामान्य) मनीष चौधरी, मुख्य आरक्षी (सामान्य) दिनेश एस. और मुख्य आरक्षी (सामान्य) के. टी. मुरुगन ने अपनी जान की परवाह किए बिना गहरी खाई में उतरकर मोर्चा संभाला। जवानों ने सूझबूझ से पेड़ पर अटकी कार के दरवाजे खोलकर उसमें फँसे दंपति और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि त्वरित बचाव के चलते किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।

​’सेवा, सुरक्षा और बंधुत्व’ की मिसाल

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने एसएसबी जवानों की इस फुर्ती और सेवा भावना की मुक्तकंठ से सराहना की। जवानों की इस त्वरित कार्रवाई ने साबित कर दिया कि खाकी वर्दी केवल सीमाओं की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट में फंसे नागरिकों की सुरक्षा और जनसेवा के प्रति भी उतनी ही समर्पित है।

Share This News