भगवती मंदिर-नौलड़ा सड़क बनी आफत, 8 साल बाद भी निर्माण अधूरा; हादसों के साये में ग्रामीण।

विशेष संवाददाता
थल (पिथौरागढ़) भगवती मंदिर से नौलड़ा को जोड़ने वाली सड़क विकास के दावों की पोल खोल रही है। वर्ष 2016 में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत शुरू हुआ सड़क निर्माण 8 साल बाद भी अधर में लटका है। वर्तमान में सड़क की बदहाल स्थिति ने ग्रामीणों की रातों की नींद उड़ा दी है, खासकर मानसून के इस मौसम में यहाँ आवाजाही जानलेवा साबित हो रही है।
सड़क के कई हिस्सों में कलवर्ट (स्कवर) और सुरक्षा दीवारें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। बारिश का पानी सड़क पर बहने से जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा कई गुना बढ़ गया है।
प्रमुख समस्याएँ :
अधूरा निर्माण: 2016 से निर्माणाधीन होने के बावजूद सड़क का कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है।
क्षतिग्रस्त बुनियादी ढाँचा: सुरक्षा दीवारें ढहने और कलवर्ट टूटने से सड़क का बड़ा हिस्सा भूस्खलन की जद में है।
जान-माल का जोखिम: बारिश के दौरान ढलान वाले क्षेत्रों में वाहनों और पैदल चलने वालों के लिए कोई सुरक्षा चक्र नहीं बचा है।
सामाजिक कार्यकर्ता लक्ष्मण सिंह कार्की का कहना है, “बरसात में स्थिति भयावह रूप ले चुकी है। सुरक्षा दीवारें कमजोर होने से कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है। प्रशासन और संबंधित विभाग को तुरंत मौके का मुआयना कर क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत करानी चाहिए।”
स्थानीय ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, तो ग्रामीण उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि सड़क का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा कर इस क्षेत्र को सुरक्षित आवाजाही की सुविधा दी जाए।

