तहसील दिवस में गूंजीं जनसमस्याएं: गुलदार के आतंक से लेकर मतदान केंद्र तक 20 से अधिक शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण।

थल संवाददाता। 

​थल (पिथौरागढ़): राजकीय इंटर कॉलेज थल में उपजिलाधिकारी बेरीनाग अंकित राज की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान क्षेत्र के ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं को लेकर 20 से अधिक शिकायतें एवं प्रार्थना पत्र सौंपे। उपजिलाधिकारी ने अधिकांश जनसमस्याओं का मौके पर ही संबंधित अधिकारियों के माध्यम से निस्तारण करवाया।

​तहसील दिवस के दौरान बलतिर गांव के सामाजिक कार्यकर्ता ऋतुराज सेमटी ने क्षेत्र में गुलदारों की सक्रियता का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि गांव में पिछले कई दिनों से रात के समय चार से पांच गुलदार दिखाई दे रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। उन्होंने ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए अविलंब ठोस कदम उठाने की मांग की।

​वहीं, लेजम ग्राम पंचायत के सामाजिक कार्यकर्ता अशोक चंद ने लेजम में नया मतदान केंद्र बनाए जाने को लेकर प्रार्थना पत्र सौंपा। इसके अलावा, सामाजिक कार्यकर्ता शलीम अहमद ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़े प्रार्थना पत्रों में जांच आख्या के आदेश तहसीलदार थल को जारी करने का विषय रखा। ग्रामीणों ने हालिया बारिश से हुए नुकसान, जर्जर सड़कों, बिजली कटौती और पेयजल किल्लत से जुड़ी समस्याओं को भी प्रमुखता से रखा।

​उपजिलाधिकारी अंकित राज ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसील दिवस में प्राप्त सभी जनसमस्याओं और प्रार्थना पत्रों का निस्तारण समयसीमा के भीतर सुनिश्चित करें। उन्होंने विभागों के बीच आपसी समन्वय बनाकर जनता को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।

​कार्यक्रम में तहसीलदार थल राम प्रसाद, लोनिवि बेरीनाग के अधिशासी अभियंता दीप चंद्र पांडे, राजस्व निरीक्षक शंकर लाल वर्मा, राजस्व उपनिरीक्षक विपिन कापड़ी, भूपेंद्र कुमार पंत, प्रमोद कार्की, योगीता चन्द और एडीओ पंचायत योगेश पांडे सहित स्वास्थ्य, विद्युत, पशुपालन, पीएमजीएसवाई डीडीहाट और ग्रामीण निर्माण विभाग पिथौरागढ़ के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This News