मंदिरों में चोरी करने के एक नाबालिग सहित चार आरोपी गिरफ्तार ।

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जांजगीर चाम्पा – लाखों के कर्ज में डूबे रहने के कारण पूर्व में रेकी करने के पश्चात सुनियोजित ढंग से जिले के तीन अलग – अलग मंदिरों में लाखों रूपये के आभूषण सहित नगदी रकम चोरी करने के एक नाबालिग सहित चार आरोपियों को सायबर टीम की सक्रियता से पुलिस ने अड़तालीस घंटे के भीतर विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया। जहां से विधि से संघर्षरत बालक को बाल सम्प्रेक्षण गृह और अन्य तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में इस सिलसिलेवार चोरीकाण्ड का खुलासा करते हुये जिले के तेजतर्रार पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) ने बताया कि जिले में अज्ञात चोरों ने विगत एक और दो अगस्त की दरिम्यानी जिले के तीन बडी मंदिरों को निशाना बनाया था। जिसमें पहली चोरी बम्हनीडीह के रामजानकी मंदिर से दो नग चांदी का छत्र हुई थी। दो चोरियां नवागढ़ थाना क्षेत्र के गांवों में हुई थी। दूसरी चोरी थाना नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम महंत के चंडी दाई मंदिर में हुई , जहां अज्ञात चोरों ने देवी मंदिर में नौ माताओं के सिर में सजी चांदी के मुकुट , सोने के जेवर और दान पेटी को पार कर दिया था। इसी तरह तीसरी चोरी नवागढ़ क्षेत्र के ग्राम जगमहंत के बद्री विशाल मंदिर में एक चांदी का छत्र चोरी हुई थी। जिस पर थाना नवागढ़ में दो अपराध एवं थाना बम्हनीडीह में एक अपराध पंजीबद्ध अज्ञात चोरों के विरुद्ध किया गया था। पुलिस ने तीनों मामले में सफलता प्राप्त कर ली , चोरी का सुराग लगाने पुलिस ने कड़ी मेहनत की थी। घटना की गंभीरता को देखते हुये पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाडेय (भापुसे) द्वारा स्वयं घटनास्थल पहुंचकर निरीक्षण कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं चोरी गये माल की बरामदगी के लिये तत्काल साइबर थाना एवं थाना नवागढ़ , बम्हनीडीह पुलिस को निर्देशित किया गया। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ० यूलेंडन यार्क के कुशल मार्गदर्शन में गठित टीम द्वारा घटनास्थल के आने जाने रास्तो का बारिकी से निरीक्षण कर आस-पास के लगभग एक सौ सीसीटीव्ही कैमरे का फूटेज को खंगाला , जिसमें बम्हनीडीह क्षेत्र से नवागढ़ क्षेत्र के घटना समय के आस पास एक संदिग्ध मोटर सायकल दिखा। जिसमें चार व्यक्ति सवार थे और उनकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने से उनको साइबर तकनीकी के आधार पर आस पास के गांव में मैनुवल इनपुट के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान करते हुये दबिश देकर पकड़ा गया। एसडीओपी चाम्पा लोकेश बंसल एवं सीएसपी योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में पूछताछ करने पर वे टाल मटोल करने लगे , पुलिस द्वारा मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ किये जाने पर आरोपियों ने अपराध स्वीकार करते हुये बताया कि आरोपी प्रशांत पटेल निवासी – घुटिया , थाना – पामगढ़ के घर के पीछे गड्ढे में चोरी का सारा माल छुपा कर रखा है। आरोपियों के निशानदेही में तीनों मंदिरों में हुये चांदी के छत्र , मुकुट , चक्र , सोने का आभूषण , दान पेटी सहित नगदी रकम कुल 16 लाख 60 हजार रूपये शत प्रतिशत माल एवं घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रानिक कटर एवं मोटर सायकिल बरामद किया गया। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से विधि से संघर्षरत बालक को बाल सम्प्रेक्षण गृह एवं अन्य तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। उपरोक्त कार्यावाही में थाना प्रभारी साइबर निरीक्षक भास्कर शर्मा , सउनि विवेक सिंह , प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा , राजकुमार चन्द्रा , विवेक सिंह , आरक्षक गिरीश कश्यप , प्रदीप दुबे , सहबाज अहमद , रोहित कहरा , माखन साहू , चिरंजिव कमलेश , पदमराज सिंह , थाना नवागढ़ प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय , थाना प्रभारी बम्हनीडीह उपनिरी दिलीप सिंह एवं उनकी टीम का सराहनीय योगदान रहा।
गिरफ्तार आरोपी –
प्रशांत पटेल पिता अशोक पटेल उम्र 23 वर्ष , प्रभात पटेल पिता अशोक पटेल उम्र 18 वर्ष और परमानंद पटेल पिता बंशी लाल पटेल उम्र 25 वर्ष सभी निवासी – घुटिया , थाना – पानगढ़ , जिला – जांजगीर चाम्पा (छत्तीसगढ़) एवं एक विधि विरुद्ध संर्घषरत बालक।

