न्याय पंचायत पाँखू में जय मां भगवती क्लस्टर थल की मातृशक्ति ने चलाया व्यापक स्वच्छता अभियान, पूर्व विधायक मीना गंगोला रहीं मौजूद।

संवाददाता।
पाँखू/थल: “स्वच्छता ही सेवा है और स्वच्छता ही सुंदर जीवन की कुंजी है” के संदेश के साथ न्याय पंचायत पाँखू दंतोला एवं पाँखू सेरा में जय मां भगवती क्लस्टर थल से जुड़ी महिला समूहों की मातृशक्ति द्वारा एक दिवसीय विशेष ‘सफाई अभियान’ का आयोजन किया गया। इस दौरान स्थानीय वार्डवासियों और क्षेत्रवासियों के सहयोग से पूरे पंचायत क्षेत्र में साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से मौजूद गंगोलीहाट विधानसभा की पूर्व विधायक मीना गंगोला ने सफाई अभियान में सहयोग देने वाले सभी पंचायत प्रतिनिधियों, महिलाओं एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अपने क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के लिए जिस प्रकार मातृशक्ति और ग्रामीणों ने सहभागिता दिखाई है, वह अत्यंत सराहनीय है। हम सभी को मिलकर इस संकल्प को आगे बढ़ाना होगा ताकि क्षेत्र निरंतर स्वच्छ और रोगमुक्त रहे।
मातृशक्ति की आत्मनिर्भरता की मिसाल: प्रदेश का पहला मडुवा बेकरी सेंटर
इस अवसर पर पूर्व विधायक मीना गंगोला ने जय मां भगवती महिला समूहों के कार्यों की सराहना करते हुए बताया कि इस क्लस्टर के माध्यम से प्रदेश का पहला ‘मडुवा बेकरी ग्रोथ सेंटर’ और ‘लक्ष्मी डेयरी थल’ सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। उन्होंने गर्व जताते हुए कहा कि इन परियोजनाओं की शुरुआत उनके विधायक कार्यकाल के दौरान हुई थी, जिसने आज मातृशक्ति को न केवल आत्मनिर्भर बनाया है, बल्कि क्षेत्र में कई ‘लखपति दीदी’ भी तैयार की हैं।
कार्यक्रम में प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति।
स्वच्छता अभियान के इस भव्य कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य विमला देवी, ग्राम प्रधान पूजा पाठक, महिला फेडरेशन अध्यक्ष राखी बृजवाल, जय मां भगवती क्लस्टर थल से जुड़े समस्त महिला समूहों की सदस्य, नंदन सिंह बाफिला, चंद्र सिंह डसीला, महेश पंत, हरीश कोरंगा और विनोद डसीला सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

