FEATUREDGeneralLatestNewspithoragarhPoliticspputtarakhand

शीर्षक: नेताओं की सिफारिश पर बंट रही श्रमिकों की किट! हक के लिए सड़क पर उतरे मजदूर, कंबल घोटाले की जांच की मांग।

न्यूज़ होम लाइव डिजिटल। 

​पिथौरागढ़। मेहनतकश श्रमिकों के हक पर डाका डालने और सरकारी योजनाओं में राजनीतिक दखलअंदाजी के खिलाफ सोमवार को पिथौरागढ़ के मजदूरों का सब्र टूट गया। श्रमिक किट वितरण में भारी भेदभाव और अनियमितता का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में श्रमिकों ने टकाना स्थित श्रम विभाग कार्यालय से लेकर कलक्ट्रेट तक जोरदार प्रदर्शन किया। मजदूरों का सीधा आरोप है कि विभाग पात्र गरीबों के बजाय विधायकों और नेताओं की सिफारिश वाले इलाकों में ही किट बांट रहा है।

​2017 का सामान भी अब तक नहीं बंटा, तीन ट्रक कंबल पर भी उठे सवाल

प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे भवन एवं अन्य सन्निमार्ण कर्मकार कल्याण संगठन के जिला महामंत्री सुरेश चंद्र कसनियाल ने श्रम विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि किट वितरण में समानता का कोई नियम नहीं बचा है, केवल राजनीतिक दबाव वाले क्षेत्रों को ही लाभ पहुंचाया जा रहा है। कसनियाल ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि विभाग की सुस्ती का आलम यह है कि वर्ष 2017 में बंटने वाला सामान भी अब तक पूरी तरह वितरित नहीं हो पाया है। इसके अलावा, बीते वर्ष श्रमिकों के लिए आए तीन ट्रक कंबल भी अधिकांश पात्र मजदूरों तक नहीं पहुंचे।

​कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन को घेरा, उच्च स्तरीय जांच की मांग

श्रम विभाग के बाहर नारेबाजी करने के बाद आक्रोशित श्रमिकों का हुजूम कलक्ट्रेट पहुंचा। वहां प्रदर्शन कर श्रमिकों ने जिला प्रशासन से इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और लापरवाह व जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। श्रमिकों ने चेतावनी दी कि यदि सभी पंजीकृत श्रमिकों को पारदर्शी तरीके से सामान वितरित नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

​प्रदर्शन में ये रहे शामिल

मजदूरों के इस हल्लाबोल में संगठन के जिलाध्यक्ष प्रेम राम, जगजीवन धुरियाल, गिरीश जोशी, मोहन चौधरी, अनिल कुमार, धीरज के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिला श्रमिक जानकी, गीता, भावना, कलावती और बिंदिया देवी आदि शामिल रहीं।

Share This News