राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के शिविर के पांचवें दिन स्वयंसेवियों ने भट्टीगांव में नशा मुक्त अभियान के तहत रैली निकालकर ग्रामवासियों को नशे के दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक किया।

एनएचएल नेटवर्क संवाददाता।
बेरीनाग राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन स्वयंसेवियों द्वारा भट्टी गांव में नशा मुक्त अभियान के तहत रैली निकालकर ग्रामवासियों को नशे के दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक किया। स्वयंसेवियों द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे से होने वाली बीमारियों के बारे में अवगत कराकर नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

स्वयंसेवियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर आम जन- मानस में स्वच्छता का संदेश भी दिया। इसके उपरांत बौद्धिक सत्र का आयोजन किया गया। बौद्धिक सत्र में मुख्य वक्ता थाना बेरीनाग के सब इंस्पेक्टर भुवन चन्द पाण्डे रहे । इस सत्र में मुख्य वक्ता पाण्डे ने महिला सुरक्षा एवं साइबर क्राइम के विषय में बताकर स्वयंसेवियों को जागरूक किया। स्वयंसेवियों ने सुरक्षा एवं साइबर क्राइम के दृष्टिगत पाण्डे से प्रश्न पूछकर समस्याओं का निराकरण किया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मीनाक्षी गोस्वामी ने मुख्य वक्ता भुवन चन्द्र पाण्डे तथा नरेंद्र सिंह मेहता जी को धन्यवाद ज्ञापित किया तथा स्वयंसेवियों से साइबर क्राइम एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की बात कही। सहायक कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंजली देवी यादव ने स्वयंसेवियों को अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के नरेश चंद, मनोज परिहार, मनोज कुमार आदि उपस्थित रहे।

