बेरीनाग में पौराणिक अनंत चतुर्दशी मेले की तैयारियां तेज, लोनिवि गेस्ट हाउस में हुई अहम बैठक।

बेरीनाग संवाददाता।
बेरीनाग। क्षेत्र के प्रसिद्ध एवं पौराणिक रात्रि मेले ‘अनंत चतुर्दशी’ के भव्य और सफल आयोजन को लेकर सोमवार को लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के गेस्ट हाउस में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले की रूपरेखा तैयार करने के साथ-साथ सभी व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए विस्तार से चर्चा की गई और उपस्थित लोगों ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती हेमवंती पंत ने मेले के पौराणिक और सांस्कृतिक स्वरूप को अक्षुण्ण रखते हुए इसे और अधिक भव्य बनाने पर जोर दिया। इस दौरान श्रद्धालुओं और आगंतुकों की सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश व आवागमन जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किए गए।
मेले की रूपरेखा के अनुसार, इसका शुभारंभ अनंत चतुर्दशी के दिन दोपहर दो बजे भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ किया जाएगा, जो पूरी रात संचालित होंगे। कार्यक्रम का सफल संचालन मेला संयोजक इंद्र धानिक द्वारा किया गया।
- बैठक में ये रहे उपस्थित:
बैठक में नाग मंदिर बेरीनाग के अध्यक्ष ललित पंत, सेवानिवृत्त अनुसचिव एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य करम राम, जिला सहकारी बैंक डायरेक्टर दल बहादुर बाफिला, गोविंद खाती, भूपेश पंत, पूर्व मंडल महामंत्री विमलेश पंत, मंजुल महेश्वर, जीवन धानिक, गोविंद भंडारी, कैलाश चन्याल, राजीव शर्मा, दीपक बोरा, मोती सिंह धानिक, दीपक कठायत, गंगा सिंह सामंत तथा निखिल पंत सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

