FEATUREDGeneralLatestNewspputtarakhandथराली

होमकुंड में बड़ीजात पूजन के बाद सुतोल पहुंची श्री नंदा देवी लोकजात, बेराधार में बधाण डोली का भव्य स्वागत।

​थराली/नंदानगर (हरेंद्र बिष्ट)। हिमपर्वत श्रृंखलाओं की तलहटी में स्थित पंचगंगा-होमकुंड में श्री नंदा देवी-भगवती की विशेष बड़ी पूजा संपन्न होने के बाद लोकजात यात्रा 2026 वापसी के दूसरे पड़ाव सुतोल (नंदानगर) पहुंच गई है। सुतोल गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने देव डोलियों और यात्रियों का जोरदार स्वागत किया। यहां रात्रि प्रवास के दौरान पूरी रात देवी जागरण का आयोजन होगा। वहीं, बधाण की श्री नंदा देवी राजराजेश्वरी की उत्सव डोली अपने चौथे पड़ाव बेराधार (देवाल) पहुंच चुकी है।

  • ​कैलाश विदाई के बाद लौटी यात्रा, सुतोल में जागरण

होमकुंड में बड़ीजात की पूजा-अर्चना और चौसिंग्या खाडू को कैलाश विदा करने के बाद यात्रा रविवार को अपने 17वें और चौथे निर्जन पड़ाव ‘जामुन डाली’ पहुंची थी। सोमवार सुबह जामुन डाली में विशेष पूजा-अर्चना के बाद दशोली, बंड और ज्वाल्पा की डोलियों व छतौलियों के साथ यात्रा ने 18वें पड़ाव सुतोल के लिए प्रस्थान किया। घने जंगलों को पार करते हुए तातड़ पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने ध्योंसिंह देवता की पूजा कर कुछ देर विश्राम किया और फिर सुतोल के लिए आगे बढ़े।

​मंगलवार को 19वें पड़ाव के तहत यात्रा विभिन्न गांवों से होते हुए फरखेत पहुंचेगी, जहां रात्रि प्रवास तय है। लगभग 250 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा के बावजूद भक्तों के चेहरे पर थकान की जगह उत्साह और आस्था की चमक साफ दिखाई दे रही है। होमकुंड दर्शन के बाद कई यात्री नंदानगर होते हुए अपने गंतव्यों की ओर भी लौटने लगे हैं।

  • ​बेराधार पहुंची बधाण राजराजेश्वरी की डोली

दूसरी ओर, बधाण की श्री नंदा देवी राजराजेश्वरी की उत्सव डोली नंदा सिद्धपीठ देवराड़ा (थराली) वापसी के क्रम में अपने तीसरे पड़ाव उलंग्रा से विदा होकर हाट कल्याणी, इच्छोली और अठ्ठू गांव होते हुए चौथे पड़ाव बेराधार पहुंची। रास्ते भर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ डोली की अगवानी की। मंगलवार को यह यात्रा सिरमथल और थराली ब्लॉक के टुंड्री होते हुए गोठिंड़ा गांव में प्रवास करेगी।

Share This News