एनएसएस इकाई एवं इतिहास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती गरिमापूर्ण रूप से मनाई गई ।

एनएचएल नेटवर्क।
मुनस्यारी। स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एनएसएस इकाई एवं इतिहास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती गरिमापूर्ण रूप से मनाई गई । महाविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ० रिफाकत अली ने बताया कि इस कार्यक्रम का संचालन निधि मारौठिया द्वारा किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. राहुल पांडेय ने बाबा साहेब के विचारों और सिद्धांतों को विद्यार्थियों के समक्ष रखते हुए कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन संघर्ष, समर्पण और सामाजिक न्याय की प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने युवाओं से उनके जीवन मूल्यों को अपनाने की अपील की। राजनीति विज्ञान विभाग प्रभारी डॉ. रिफाकत अली ने डॉ. अंबेडकर के संविधान निर्माण में योगदान तथा समाज में समानता और न्याय की स्थापना के उनके प्रयासों पर प्रकाश डाला ।

अर्थशास्त्र विभाग से डॉ. अशोक मौर्य ने भी अपने विचार साझा करते हुए डॉ. अंबेडकर के सामाजिक एवं शैक्षिक योगदान को रेखांकित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य एवं एनएसएस इकाई के नोडल अधिकारी डी. के. शुक्ला ने की। उन्होंने अपने उद्बोधन में डॉ. अंबेडकर के आदर्शों को जीवन में उतारने के लिए सभी को प्रेरित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारीगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

