विधायक फकीर राम टम्टा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने की मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात, बेरीनाग-चौकोड़ी में भूमि हक और लंबित विकास कार्यों पर हुई विस्तार से चर्चा

देहरादून संवाददाता। 

​देहरादून। गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और क्षेत्रीय समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर विधायक  फकीर राम टम्टा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी  से सौहार्दपूर्ण माहौल में आत्मीय मुलाकात की।

​मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र की विभिन्न महत्वपूर्ण जनसमस्याओं और प्रगतिरत विकास परियोजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री  के साथ विस्तार से चर्चा की। वार्ता में मुख्य रूप से बेरीनाग-चौकोड़ी क्षेत्र के निवासियों को उनकी भूमि का मालिकाना हक  प्रदान किए जाने के अत्यंत महत्वपूर्ण विषय को प्रमुखता से उठाया गया और इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई का आग्रह किया गया। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री घोषणाओं  के अंतर्गत लंबे समय से लंबित पड़े विभिन्न विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा कराने का अनुरोध किया गया।

​माननीय मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्र की समस्याओं को अत्यंत गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने मौके पर ही मौजूद संबंधित उच्च अधिकारियों को तत्काल आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए और आश्वासन दिया कि जनहित से जुड़े सभी लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाएगा।

​मुख्यमंत्री  के इस सकारात्मक दृष्टिकोण और त्वरित पहल के लिए प्रतिनिधिमंडल ने उनका हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। विधायक फकीर राम टम्टा  ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री  के कुशल नेतृत्व में गंगोलीहाट और बेरीनाग क्षेत्र के विकास को एक नई दिशा और गति मिलेगी।

​इस अवसर पर विधायक गंगोलीहाट  फकीर राम टम्टा  के साथ बेरीनाग मंडल अध्यक्ष  त्रिलोक खाती , ग्रामीण मंडल अध्यक्ष  मनोज कार्की एवं  भगवान डोबाल  विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Share This News