वैदिक मंत्रोच्चारण, पारंपरिक अनुष्ठानों और ‘हर-हर गंगे’ व ‘जय मां यमुना’ के उद्घोष के साथ गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।

एनएचएल नेटवर्क📡
उत्तरकाशी विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 का रविवार को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर विधिवत शुभारंभ हो गया। वैदिक मंत्रोच्चारण, पारंपरिक अनुष्ठानों और ‘हर-हर गंगे’ व ‘जय मां यमुना’ के उद्घोष के साथ गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं इस दिव्य और ऐतिहासिक पल के साक्षी बने। कपाटोद्घाटन के अवसर पर पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से संपन्न की गई, जिसमें राष्ट्र के कल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की गई। गंगोत्री धाम के कपाट निर्धारित शुभ मुहूर्त दोपहर 12ः15 बजे खोले गए। इससे पूर्व मां गंगा की उत्सव डोली तड़के भैरव घाटी से प्रस्थान कर गंगोत्री धाम पहुँची। मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि गंगा पूजन, गंगा सहस्रनाम पाठ और विशेष धार्मिक अनुष्ठानों के बाद मंदिर के द्वार श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इस दौरान धाम में उपस्थित हजारों भक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक उल्लास से भर गया। पहले ही दिन हजारों तीर्थयात्रियों ने गंगा जी के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। दूसरी ओर, मां यमुना के शीतकालीन प्रवास खरसाली (खुशीमठ) से ढोल-दमाऊं की थाप और पारंपरिक वाद्य यंत्रें के साथ मां यमुना की उत्सव डोली यमुनोत्री धाम के लिए रवाना हुई। दोपहर 12ः35 बजे यमुनोत्री मंदिर के कपाट भी भक्तों के दर्शनार्थ खोल दिए गए। अब आगामी छह माह तक श्रद्धालु इन पावन धामों में पूजा-अर्चना कर सकेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देश-विदेश से आए तीर्थयात्रियों का स्वागत करते हुए कहा कि आज का दिन उत्तराखंड और संपूर्ण राष्ट्र के लिए अत्यंत हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा, ष्प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए हमारी सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ‘अतिथि देवो भवः’के संकल्प के साथ हम प्रत्येक श्रद्धालु की सुख-सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति और अर्थव्यवस्था की रीढ़ भी है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इस वर्ष यात्रा अपने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ेगी। सीएम ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे उत्साह के साथ आएं, सरकार ने स्वास्थ्य, मार्ग और आवास की बेहतरीन व्यवस्थाएं की हैं। उन्होंने सभी को अक्षय तृतीया और चारधाम यात्रा के शुभारंभ की हार्दिक बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक अधिकारी, मंदिर समिति के पदाधिकारी और भारी संख्या में स्थानीय लोग व तीर्थयात्री मौजूद रहे।

