FEATUREDGeneralLatestNewsPoliticspputtarakhandथराली

नारायणबगड़ में स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली पर फूटा जनाक्रोश, सातवें दिन निकाली विशाल रैली; सीएम को भेजा ज्ञापन।

​थराली (हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट ): चमोली जिले के विकासखंड नारायणबगड़ में लचर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में उच्चीकृत करने की मांग को लेकर जनांदोलन तेज हो गया है। आंदोलन के सातवें दिन क्षेत्रवासियों और जनप्रतिनिधियों ने नारायणबगड़ बाजार में विशाल रैली निकालकर शासन-प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद आंदोलनकारियों ने तहसील प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर जल्द कार्रवाई की मांग की।

​नारायणबगड़ क्षेत्र की जनता पिछले एक सप्ताह से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और पीएचसी के उच्चीकरण की मांग को लेकर आंदोलनरत है। आंदोलन के सातवें दिन आयोजित रैली में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और जनप्रतिनिधि शामिल हुए। मुख्यालय के मुख्य बाजार से शुरू हुई यह रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए सरकार विरोधी नारों के साथ तहसील कार्यालय पहुंची।

​तहसील में सौंपे गए ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को शीघ्र दुरुस्त नहीं किया गया और पीएचसी को सीएचसी में अपग्रेड करने की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई, तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा।

​प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य नीरज नेगी और विपिन परिहार ने कहा कि नारायणबगड़ क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन लगातार उपेक्षा के कारण स्थानीय जनता को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा है। उन्होंने दो टूक कहा कि जब तक शासन से ठोस और स्पष्ट आश्वासन नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा।

​रैली का नेतृत्व जिला पंचायत सदस्य प्रदीप बुटोला, सूरी कनेरी, साक्षी नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख देवराज रावत, उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) नेता मोहन राम आर्या, प्रकाश राम और विक्रम राम समेत कई जनप्रतिनिधियों ने किया।

Share This News