FEATUREDGeneralLatestNewspputtarakhandथराली

सिद्धपीठ श्री नंदादेवी राजराजेश्वरी देवराड़ा में कालरात्रि की विशेष पूजा, देर रात तक गूंजे जयकारे।

​थराली हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट :

शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर सिद्धपीठ श्री नंदादेवी राजराजेश्वरी देवराड़ा (थराली) में मां कालरात्रि की विशेष पूजा-अर्चना विधि-विधान और श्रद्धाभाव के साथ संपन्न हुई। शनिवार शाम से शुरू हुआ यह धार्मिक अनुष्ठान रविवार तड़के करीब 3 बजे तक चला, जिसमें भारी संख्या में उमड़े श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।

​शारदीय नवरात्रि के तहत सिद्धपीठ में पिछले सात दिनों से मां नंदा के विभिन्न रूपों की उपासना की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार रात और रविवार को मां के कालरात्रि (काली) स्वरूप की विशेष पूजा आयोजित की गई। मध्यरात्रि में मां नंदा भगवती के पश्वाह अवतरित हुए और उन्होंने पारंपरिक नृत्य करते हुए मंदिर परिसर में स्थापित दिव्य ज्योति को प्रज्ज्वलित किया। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं ने ज्योति के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए मनौतियां मांगीं। देर रात तक भक्त अखंड जागरण कर देवी स्तुति और भजनों में लीन रहे।

​धार्मिक अनुष्ठान को नंदा सिद्धपीठ कुरुड़ के मुख्य पुजारी नरेश गौड़, मनसाराम गौड़, सुनील गौड़ एवं योगेश्वर गौड़ ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया।

​इस पावन अवसर पर देवराड़ा मंदिर समिति के अध्यक्ष भुवन हटवाल, संरक्षक विनोद रावत, उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह रावत, सचिव विरेंद्र सिंह गुसाईं, थराली के पूर्व विधायक डॉ. जीत राम, रणजीत सिंह रावत, जगदीश पुरोहित, मनोज गुसाईं, केदार पंत, पुष्कर फर्स्वाण, प्रेम सिंह फर्स्वाण, अब्बल सिंह गुसाईं, मोहन प्रसाद देवराड़ी तथा थराली व्यापार संघ अध्यक्ष संदीप रावत सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति और क्षेत्र के श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Share This News